आवारा पशुओं पर लगाम कसने में नाकाम साबित हो रही नगर परिषद कैमोर
जिला कटनी।। नगर परिषद कैमोर जिला कलेक्टर के स्पष्ट आदेशों के बावजूद नगर परिषद कैमोर आवारा पशुओं पर रोक लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। नगर के मुख्य मार्गों और रिहायशी इलाकों में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कई बार इस समस्या की जानकारी नगर परिषद को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई।
नगरवासियों का कहना है कि आए दिन सड़कें पशुओं के झुंड से बाधित हो जाती हैं। खासकर रात्रि के समय सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहता है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब जिला कलेक्टर ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं तो आखिर नगर परिषद कैमोर क्यों निष्क्रिय बनी हुई है।
गंभीर स्थिति यह है कि नगर परिषद ने न तो मुनादी करवाई और न ही पशुपालकों को दंडात्मक कार्यवाही के लिए चेतावनी दी। इसका नतीजा यह है कि पशुपालक दूध दुहने के बाद पशुओं को खुला छोड़ देते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं और गौवंश के घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
इस विषय को लेकर बजरंग दल द्वारा भी कई बार मुख्य नगर पालिका अधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ।