दुद्धी में गिट्टी लदे टीपर की चपेट में आने से 4 वर्षीय मासूम की मौत
•परिवार में मचा कोहराम,चालक हिरासत में
दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बे में रविवार की शाम 4 बजे हुए सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम आयान गुप्ता पुत्र सुनील गुप्ता की दर्दनाक मौत हो गई। पिपराडीह निवासी आयान अपनी दादी के साथ खरीदारी करने दुद्धी बाजार आया था। इसी दौरान श्री संकटमोचन मंदिर के सामने गिट्टी से भरे टीपर के चपेट में आ गया ।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सक सुनील ने मासूम को देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार व ग्रामीणों में कोहराम मच गया। आयान दो भाइयों में सबसे छोटा था, उसके असमय निधन से घर का माहौल गमगीन हो गया।
सूचना पाकर सीएचसी पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल टीपर को कब्जे में कर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
नगरवासियों और ग्रामीणों का कहना है कि श्री संकटमोचन मंदिर के समीप अतिक्रमण के चलते सड़क संकरी हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटवाकर सड़क को चौड़ा और सुरक्षित बनाने की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह