दुद्धी सोनभद्र। रविवार की शाम करीब साढ़े चार बजे एक 16 वर्षीय किशोरी को परिजन गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाए। डॉक्टर सुनील ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार डुमरडीहा निवासी कृष्णा यादव की पुत्री आकृति ने किसी बात को लेकर मां से कहासुनी के बाद कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। जब देर तक वह बाहर नहीं आई, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और देखा कि वह फंदे पर लटकी हुई थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
फिलहाल किशोरी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह