दुद्धी सोनभद्र ।नगर की बहुप्रतीक्षित वृहद पेयजल योजना (अमृत 2.0) को आखिरकार शासन से हरी झंडी मिल गई है। 44 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना के लिए कार्यदायी संस्था जल निगम ने टेंडर जारी कर दिया है। इसके पूरा होने के बाद नगर पंचायत की पेयजल व्यवस्था आने वाले पचास वर्षों तक मजबूत व व्यवस्थित हो जाएगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मियों में हर वर्ष होने वाली पेयजल किल्लत को देखते हुए, पिछले वर्ष उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस समस्या से अवगत कराया था। शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए टीम गठित की और पेयजल समस्या के स्थायी समाधान हेतु एमडी जल निगम को निर्देश दिए।
कई महीनों तक चले सर्वे के बाद योजना बनी कि कनहर बांध, अमवार से पानी लिफ्ट कर दुद्धी के ठेमा जलकल संस्थान (डब्ल्यूटीपी) तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद नई पाइपलाइन के माध्यम से नगरवासियों को साफ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लंबे प्रयासों के बाद सरकार ने इस योजना को मंजूरी दी है और वित्त विभाग ने धन आवंटन भी कर दिया है। इसके अंतर्गत जल निगम ने 28 अगस्त 2025 को 44 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। टेंडर भरने की अंतिम तिथि 27 सितम्बर 2025 तय की गई है और खोला जाएगा 29 सितम्बर 2025 को।
चेयरमैन कमलेश मोहन ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना नगरवासियों के लिए जल संकट से मुक्ति का वरदान सिद्ध होगी।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह