दुद्धी सोनभद्र ।कोन थाना अंतर्गत गिद्धिया गाँव निवासी विनोद गोंड (40 वर्ष) पुत्र भीम सिंह की कोबरा के डंसने से मौत हो गई। घटना मंगलवार शाम लगभग 5 बजे की है जब विनोद गोंड घर के बगल स्थित खेत में झाड़ियों की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान कोबरा ने उन्हें डंस लिया।
परिजनों ने बताया कि उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए कोन सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहाँ कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद न होने से बड़ी असुविधा हुई। इसके बाद घायल को शाम करीब 7 बजे रामगढ़ झाड़फूल के पास झाड़फूंक कराने ले जाया गया। राहत न मिलने पर रात लगभग 9 बजे परिजन उन्हें वापस घर ले आए। झाड़फूंक के प्रयास के दौरान ही रात 10 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े साढ़ू जयप्रकाश और पुत्र रंजीत कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि यदि समय पर चिकित्सा सुविधा मिल जाती तो जान बच सकती थी। रात करीब 11 बजे परिजनों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर रात में ही पुलिस मौके पर पहुँची और आवश्यक कार्रवाई की। बुधवार सुबह लगभग 11 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजा गया।
मृतक के पांच बच्चे हैं, जिनमें चार पुत्रियाँ (एक विवाहित) और एक अविवाहित पुत्र शामिल हैं। पिता की मौत से पूरे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह