सलेमगढ़। पशु तस्कर को बचाने व गिरफ्तारी न करने को लेकर सिपाही व बिचौलिए के बातचीत से जुड़ा एक ऑडियो क्लिप तीन दिन से प्रसारित हो रहा था। शनिवार को इसका संज्ञान लेते हुए एसपी ने सिपाही को लाइन हाजिर कर जांच का आदेश दिया।
सिपाही के तरयासुजान के तिनफेड़िया पुलिस चौकी पर तैनात होने की बात कही जा रही है। जागरण इस प्रकार के किसी भी प्रकार के आडियो क्लिप की पुष्टि नहीं करता।
ऑडियो क्लिप में तिनफेड़ीया चौकी पर तैनात सिपाही राहुल गुप्ता द्वारा तरयासुजान के रामपुर बंगरा के एक बिचौलिए से बातचीत के क्रम में एक पशु तस्कर को बचाने व गिरफ्तार नहीं करने के एवज में पांच हजार रुपये की मांग की जा रही है।
बताया जा रहा है पशु तस्कर भी रामपुर बंगरा का ही निवासी है, जिसके विरुद्ध पशु तस्करी को लेकर भिन्न-भिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस तलाश में लगी हुई हैं। इंटरनेट मीडिया पर सिपाही और बिचौलिए के बीच बातचीत का आडियो तीन दिन से प्रसारित हो रहा था।
सीओ तमकुहीराज राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। ऑडियो क्लिप के सत्यता की जांच की जा रही है। उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। Indian TV itn and Rajesh Maurya