दुद्धी सोनभद्र। अमवार स्थित कनहर बांध का जल स्तर घटते ही रविवार शाम शेष खुले फाटक को भी बंद कर दिया गया। बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति को देखते हुए इस वर्ष पाँच फाटक तक खोले गए थे। इसके बाद जैसे-जैसे जल स्तर कम हुआ, क्रमशः फाटक बंद किए जाने लगे। अब सभी फाटक पूर्ण रूप से बंद हो चुके हैं। फाटक बंद होने से बांध के नीचे बह रही कनहर नदी का जल स्तर तेजी से घटने लगा है।
कनहर सिंचाई परियोजना के जूनियर इंजीनियर नंदलाल यादव ने बताया कि बांध के जल स्तर को सुरक्षित सीमा में बनाए रखने के उद्देश्य से सभी फाटक बंद कर दिए गए हैं। वर्तमान में बांध का लक्ष्य जल स्तर 259 मीटर तक बनाए रखने का है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर जल स्तर की निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी नियमानुसार पानी छोड़ा जाएगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह