सीएचसी दुद्धी की लापरवाही पर उठे सवाल, वीडियो वायरल
अस्पतालों में वाहन व एंबुलेंस की उपलब्धता हर वक्त सुनिश्चित की उठी मांग
दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के कादल गांव में रविवार की रात खेत से घर लौटी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इलाज के दौरान सीएचसी दुद्धी में महिला को मृत घोषित कर दिया गया। आरोप है कि मौत के बाद परिजनों को शव ले जाने के लिए न तो एंबुलेंस उपलब्ध कराया गया और न ही कोई अन्य वाहन। लाचार परिजनों ने शव को साड़ी में बांधकर करीब पांच सौ मीटर तक पैदल ढोया। यह दृश्य मोबाइल कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। घटना के वीडियो ने स्वास्थ्य तंत्र की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कादल गांव निवासी 44 वर्षीय कृष्णा देवी पत्नी जिंदलाल रविवार की शाम खेत से काम निपटाकर घर लौटी थीं। पति के मुताबिक घर आकर उन्होंने पानी पिया और कुछ देर बाद आराम करने लगीं। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, उल्टी शुरू हो गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि महिला की मौत के बाद शव को घर ले जाने के लिए उन्होंने एंबुलेंस या वाहन की मांग की, लेकिन उन्हें सुविधा नहीं मिली। अंततः मजबूरी में शव को साड़ी में डालकर परिजनों ने ही सीएचसी से बाहर निकाला और लगभग चार सौ मीटर दूर तक पैदल ले गए। इस घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने बना लिया जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में रोष देखा जा रहा है।
सीएचसी दुद्धी के चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि महिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थीं। उसकी मृत्यु की सूचना मेमो के जरिये कोतवाली पुलिस को सौंप दी गई थी। शव आगे कैसे ले जाया गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
गांव में हुई इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं की सच्चाई को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि एंबुलेंस और परिवहन व्यवस्था न होने के कारण इस तरह की घटनाएं अक्सर होने को मजबूर करती हैं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि अस्पतालों में वाहन व एंबुलेंस की उपलब्धता हर वक्त सुनिश्चित की जाए, ताकि परिजन इस तरह की परेशानियों का सामना न करें।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह