दुद्धी सोनभद्र। नगर के ऐतिहासिक तहसील प्रांगण स्थित रामलीला मंच पर परम्परागत और भव्य स्वरूप के साथ इस वर्ष भी श्रीरामलीला मंचन का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। जानकारी के अनुसार दिनांक 18 सितंबर 2025, दिन गुरुवार से प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से रामलीला प्रारम्भ होगी।
इस अवसर पर उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत दुद्धी के चेयरमैन कमलेश मोहन मुख्य अतिथि होंगे। उपजिलाधिकारी निखिल यादव और पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार राय विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार अंजनी कुमार गुप्ता करेंगे।
श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि और महामंत्री सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि रामलीला नगर की गौरवशाली परंपरा है, जो वर्षों से सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करती आ रही है। उन्होंने नगरवासियों से समय पर पहुंचकर लीला मंचन को सफल बनाने का अनुरोध किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि मंचन में नगर के कलाकार व सहयोगी दल पूरी निष्ठा से तैयारी में जुटे हैं ताकि दर्शकों को हर प्रसंग जीवंत और प्रेरणादायक रूप में दिखाया जा सके। पूरे नगर में श्रीरामलीला आरंभ होने को लेकर उत्साह का माहौल है और कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह