दुद्धी सोनभद्र।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर भाजपा मण्डल दुद्धी के तत्वावधान में आज से सेवा पखवाड़ा की शुरुआत की गई। इस मौके पर नगर पंचायत दुद्धी के शिवाजी तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं ने सफाई का संदेश दिया और जनहित व राष्ट्रसेवा के प्रति लोगों को जागरूक किया।
सेवा पखवाड़ा के मण्डल संयोजक मनीष जायसवाल के नेतृत्व में सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं ने तालाब व उसके आसपास के घाटों की सफाई की। कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड़ और नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने संयुक्त रूप से मीडिया से कहा कि यह दिन विशेष है क्योंकि आज भगवान विश्वकर्मा पूजा का पर्व भी है और देश के लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी। उन्होंने कहा कि मोदी जी 2014 से प्रधानमंत्री बनने के बाद बिना अवकाश लिए लगातार राष्ट्र निर्माण में जुटे हुए हैं।
इसके उपरांत दोपहर में दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के मध्यप्रदेश में हो रहे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा तथा अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल, बिस्कुट और ब्रेड का वितरण किया। इस अवसर पर जिला मंत्री दिलीप पांडे एवं मण्डल अध्यक्ष दीपक शाह ने बताया कि सेवा पखवाड़ा आज से प्रारंभ होकर आगामी 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलेगा। इस दौरान धार्मिक व सामुदायिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, नारी शक्ति चौपाल, प्रबुद्धजनों का सम्मान तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की श्रृंखला में शाम को संकटमोचन मंदिर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हनुमान चालीसा पाठ एवं मिष्ठान वितरण का आयोजन भी होना है।
इस मौके पर जिला कार्यसमिति सदस्य रामनिवास तोमर, पूर्व मण्डल अध्यक्ष मनोज सिंह बबलू, सुमित सोनी, डॉ. शाह आलम, वरिष्ठ भाजपा नेता रामेश्वर राय, संजू तिवारी, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक जितेंद्र चंद्रवंशी, मण्डल महामंत्री प्रेमनारायण, मोनू सिंह, अंशुमान राय, पूर्व मण्डल मंत्री गोरखनाथ अग्रहरी, भाजयुमो मण्डल अध्यक्ष अजय चंद्रवंशी, महामंत्री विकास मद्धेशिया, प्रवीण जायसवाल, सभासद धीरज जायसवाल, सोशल मीडिया संयोजक पीयूष कसेरा, गौरव सिंह, आयुष कुमार, अमन जायसवाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह