दुद्धी सोनभद्र।अमवार चौकी क्षेत्र अंतर्गत पुनर्वास कॉलोनी बीती रात आतंकित हो उठी जब दो नकाबपोश अज्ञात चोरों ने क्षेत्र निवासी एनुलहक अंसारी के घर में धावा बोला दिया। घटना देर रात लगभग दो बजे की बताई जा रही है।
मकान मालिक एनुलहक ने बताया कि वारदात के समय घर के अंदर उनकी बहू और दो छोटे बच्चे ही मौजूद थे। उसी दौरान काले कपड़े से चेहरे को पूरी तरह से ढके दो बदमाश घर में घुस आये। अचानक आवाज से नींद खुलने पर बहू जब कमरे का दरवाजा खोलकर बरामदे में पहुँची तो एक नकाबपोश ने उसके गले पर धारदार चाकू रख दिया और धमकाते हुए घर में रखे रुपये-पैसे व जेवरात की मांग करने लगा।
चाकू की दहशत में महिला ने घर में रखी नकदी व जेवर तत्काल बता दिये। बदमाशों ने लूटपाट के बाद जब निकलने की तैयारी की तो जाते-जाते बरामदे में खड़ी मोटरसाइकिल पर भी आग लगा दी। देखते ही देखते मोटरसाइकिल धू-धू कर जलने लगी।
घटना के बाद महिला ने शोर मचाकर पास के मकान में सो रहे अपने ससुर को बुलाया। परिजनों ने किसी तरह वाहन की आग बुझाई और तत्परता से घटना की सूचना डॉयल 112 पुलिस व अमवार चौकी को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी हरिकेश राम आज़ाद दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों ने कहा कि देर रात हुई इस वारदात से पूरे पुनर्वास कॉलोनी में दहशत का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस अज्ञात नकाबपोशों की तलाश में जुटी है और मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह