दुद्धी सोनभद्र।म्योरपुर थाना क्षेत्र के काचन गांव में मंगलवार की रात करीब आठ बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक मासूम छात्रा की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों सहित घर के कुल आठ सदस्य घायल हुए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से दो एंबुलेंस द्वारा सीएचसी म्योरपुर लाया गया।
जानकारी के अनुसार काचन गांव निवासी प्रमोद कुमार का परिवार मंगलवार की रात खाना खाने के बाद एक ही कमरे में सो रहा था। इसी दौरान तेज गरज-चमक और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से सभी आठ सदस्य जख्मी हो गए। मामूली रूप से घायल प्रमोद कुमार ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्काल सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने जांच के दौरान अंशिका कुमारी (12) पुत्री प्रमोद कुमार को मृत घोषित कर दिया। अंशिका कक्षा 7 में गांव के ही सरकारी विद्यालय में पढ़ाई करती थी। वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी और बहनों में सबसे बड़ी थी।
वहीं शिला (27) पत्नी मनोज कुमार ,उनका पुत्र मनीष (5) गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है। अन्य पांच सदस्यों को हल्की झटके आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य बताया गया ।
घटना की सूचना पाकर म्योरपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेज दिया।
बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के दादा सुग्रीव ने बताया कि अंशिका पढ़ने में तेज और होनहार थी।चार भाई बहनों में दूसरे नंबर पर थी और बहन में बड़ी थी।गांव के ही सरकारी विद्यालय में कक्षा 7 की छात्रा थी ।उन्होंने म्योरपुर पुलिस को लिखित सूचना देकर उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह