दुद्धी सोनभद्र। थाना क्षेत्र के गौरसिंघा गांव में बुधवार सुबह एक मासूम खेलते समय हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार 2 वर्षीय विकुल पुत्र ओमप्रकाश खेलते-खेलते घर के विद्युत बोर्ड में हाथ डाल दिया। अचानक लगे तेज करेंट के झटके से मासूम कुछ दूरी पर जा गिरा और अचेत हो गया।
परिजनों ने बताया कि घटना के समय जब उसकी मां रीता देवी (25) की नजर पड़ी तो वह चीखते-चिल्लाते दौड़ीं और अन्य परिजनों की मदद से तत्काल निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया।जहां चिकित्सकों ने बच्चे को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया।
परिजनों का कहना है कि इलाज के बाद मासूम की हालत पहले से काफी बेहतर है। इस दौरान हादसे का दृश्य देखकर घबराई मां रीता देवी वाहन में ही अचेत हो गईं।
सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने बताया कि घबराहट की वजह से मां कुछ देर के लिए बेहोश हो गई थीं लेकिन अब उनकी स्थिति सामान्य है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह