दुद्धी सोनभद्र ।नगर के रामनगर स्थित रेलवे गेट संख्या 63 पर मालगाड़ियों के गुजरने के दौरान घंटों तक फाटक बंद रहने से लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जहाँ एम्बुलेंस में ले जाए जा रहे मरीज घंटों फँस कर जीवन-मृत्यु से जूझते हैं, वहीं स्कूली बच्चे समय से विद्यालय नहीं पहुँच पाते। इस दशकों पुरानी समस्या को लेकर अब नगरवासियों में आक्रोश उभरने लगा है और ओवरब्रिज निर्माण की मांग तेजी पकड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार जैसे ही मालगाड़ी आती है, गेट बंद कर दिया जाता है और लंबे समय तक नहीं खोला जाता। अक्सर ऐसा भी होता है कि एक मालगाड़ी के गुजरते ही दूसरी गाड़ी आ जाती है और फाटक फिर बंद हो जाता है। इस दौरान एक ओर जहाँ सड़कों पर लंबा जाम लग जाता है, वहीं लोग उमस और धूप में बेहाल हो उठते हैं।
एक राहगीर रामजी पटेल बताते हैं हम लोग रोजाना इस समस्या का सामना करते हैं। गेट बंद होते ही सड़क के दोनों ओर सैकड़ों बाइक, चारपहिया वाहन और कभी कभी एम्बुलेंस भी फँस जाते हैं। मरीज की हालत गंभीर होने पर भी मजबूर होकर एम्बुलेंस वहीं खड़ी रह जाती है।गेट पर जाम के कारण स्कूली बच्चे समय पर विद्यालय नहीं पहुँच पाते। वहीं सरकारी व निजी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारी रोजाना ड्यूटी के लिए मार्ग से गुजरते जीने गंतव्य पहुंचने में देर हो जाती है , इससे उनकी कार्यप्रणाली पर भी असर पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए समाजवादी पार्टी छात्रसभा के विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव ने सोशल मीडिया पर मुहिम छेड़ी। उन्होंने ट्विटर पर रेलवे विभाग को टैग करते हुए लिखा कि दुद्धी नगर के रामनगर रेलवे गेट संख्या 63 पर ओवरब्रिज का निर्माण जल्द कराया जाए, ताकि आम जनता का कष्ट दूर हो सके।
यादव के ट्वीट पर रेलवे विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जवाब दिया कि गेट संख्या 63 पर ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव विचाराधीन है और जल्द ही इस दिशा में पहल की जाएगी।
स्थानीय जनता में उम्मीद की किरण
रेलवे विभाग की प्रतिक्रिया आने के बाद नगरवासियों के बीच उम्मीद जगी है। लंबे समय से अधर में लटकी यह मांग अब पूरी होने की संभावना बनी है।राहगीर व्यापारी विनोद जायसवाल, सुरेन्द्र सिंह पोयाम, मनु सिंह, विशाल, हीरा सिंह कहते हैं,अगर यहाँ ओवरब्रिज बन जाता है तो न केवल जाम और दुर्घटनाओं से निजात मिलेगी, बल्कि नगर का यातायात भी सुगम हो जाएगा।
आनंद कुमार, आशीष साहनी, नितिन शर्मा, संतोष कुमार इत्यादी लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज बनने से आसपास के गाँवों से आने-जाने वाले लोग भी राहत महसूस करेंगे। यह निर्माण नगर के आर्थिक और शैक्षिक विकास के लिए भी लाभकारी साबित होगा।
हालांकि रेलवे विभाग ने फिलहाल केवल प्रस्ताव पर विचार की बात कही है, लेकिन जनता का मानना है कि यदि ठोस कदम जल्द न उठाए गए तो आंदोलन की स्थिति भी बन सकती है।
दुद्धी नगर के लिए जीवन-मरण का विषय बन चुकी यह समस्या क्या शीघ्र खत्म होगी, यह तो आने वाले समय में स्पष्ट होगा, लेकिन फिलहाल नगरवासियों की पूरी निगाहें रेलवे विभाग की कार्यवाही और सरकार के निर्णय पर टिकी हुई हैं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह