मिशन शक्ति अभियान के तहत गागलहेड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
छात्राओं से छेड़छाड़ व हुड़दंगबाजी करने वाले 30 युवकों को पकड़कर दी सख्त चेतावनी
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में सहारनपुर पुलिस ने सख़्त कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना गागलहेड़ी पुलिस ने कस्बा गागलहेड़ी स्थित स्कूलों और कॉलेजों के आस-पास छात्राओं को देखकर हुड़दंगबाजी कर रहे 30 युवकों को पकड़ लिया।
थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार के नेतृत्व में सक्रिय एंटी रोमियो टीम ने युवकों को थाने लाकर उनके परिजनों को बुलवाया और उनके कृत्यों की जानकारी दी। सभी को सख्त चेतावनी देने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की हरकत करते पाए जाने पर संबंधित युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन एवं सम्मान सुनिश्चित करना सहारनपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही जनपदीय पुलिस लगातार गांव, कस्बों और शिक्षण संस्थानों में भ्रमण एवं चौपाल लगाकर छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों तथा वूमेन पावर लाइन-1090, यूपी-112 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार, उपनिरीक्षक रविकान्त गिरी, उपनिरीक्षक ओमपाल मलिक, कांस्टेबल नरदेव कुमार, महिला हैड कांस्टेबल रेणु देवी, महिला कांस्टेबल ज्योति शामिल रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़