राज्यपाल के आगमन पर सहारनपुर प्रशासन मुस्तैद
कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने की समीक्षा
सहारनपुर । मण्डलायुक्त सहारनपुर मण्डल अटल कुमार राय, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी ने कार्यक्रम स्थल जनमंच का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच की सुरक्षा, आगन्तुक गैलरी की व्यवस्था, बैठक की सीटिंग प्लानिंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल की उपलब्धता, साफ-सफाई, पार्किंग की जगह और मीडिया कवरेज से संबंधित तैयारियों का बारीकी से जायज़ा लिया।
इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मुख्य प्रवेश और निकासी मार्गों की गहन जांच की गई, पार्किंग एरिया का निरीक्षण किया गया और वीआईपी गैलरी में सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। वहीं, भीड़-नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि राज्यपाल के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि बिजली की सप्लाई निर्बाध रहे, पेयजल व स्वच्छता की व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित हो और पार्किंग व्यवस्था इतनी व्यवस्थित हो कि आमजन और वीआईपी मेहमानों को आसानी हो सके।
जनपद प्रशासन और पुलिस विभाग मिलकर इस बात को लेकर पूरी तरह तत्पर हैं कि माननीय राज्यपाल का यह भ्रमण कार्यक्रम सफल, सुरक्षित और सुचारु ढंग से संपन्न हो।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़