नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग में खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण
हजारीबाग, 19 सितंबर: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन ने किया।
निरीक्षण के दौरान, फन एंड फूड से पनीर और त्रिपाल होटल से मगज लड्डू का नमूना लिया गया। इन नमूनों को रासायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम भेजा जाएगा।
टीम ने कांग्रेस ऑफिस रोड स्थित खाजा दुकानों की भी जाँच की। जाँच में गोपाल प्रसाद के खाजा में औद्योगिक रंग का प्रयोग पाया गया, जिसे तुरंत नष्ट कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने निर्मल महतो पार्क और सारले पार्क झील के पास के सभी दुकानदारों और ठेला-खोमचा वालों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, अन्यथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, सभी होटल संचालकों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे किचन में खाना बनाते समय मास्क, कैप और एप्रन का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करें।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के सदस्य विकास शर्मा, सुरज कुमार, शशि भूषण मुंडा और चालक धनेश्वर कुशवाह भी शामिल थे।