बीजपुर
संवाददाता दीपक कुमार।
बीजपुर थाना क्षेत्र के नक्तू गांव में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का बुधवार को विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान नक्तू के समस्त ग्रामवासी उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल हुए। गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा गांव के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए और पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। जगह-जगह लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और आस्था का माहौल देखने को मिला। नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों के समापन पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। अंत में भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की प्रार्थना की।
इस अवसर पर पूजा समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले समस्त ग्रामवासियों, सहयोगियों एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समिति ने कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और सहभागिता से धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
आयोजन में पूजा समिति के अध्यक्ष राज नारायण सिंह, कोषाध्यक्ष आयुष सिंह, राजकुमार, मुकेश सिंह, सोनू पाल, विपुल पाल, श्याम सुंदर और विनोद सिंह सहित समिति के अन्य सदस्यों एवं स्थानीय सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति ने सभी सहयोगकर्ताओं को हृदय से धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग और एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
