जरीफनगर। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। एक चोर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
जरीफनगर थाना क्षेत्र में काफी दिनों से चोरी की घटनाएं हो रही थी। पंचायत भवनों के ताले तोड़कर उसमें से कीमती सामान चोरी कर लिए गए थे। लगातार घटनाओं को देखते हुए एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने पुलिस को खुलासे के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार की रात पुलिस ने बागवाला रोड पर चोरों की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही चोरों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक चोर के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घेर कर तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़े गए चोर संभल के थाना जुनावई के गांव रमवाना निवासी नेमपाल, सत्यदेव और उघैती थाना क्षेत्र के गांव गुरेठा निवासी जितेश है।
इंडियन टीवी न्यूज
बदायूं जिला रिपोर्टर
दीपेन्द्र राजपूत