“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान का बनकटी सीएचसी पर शुभारंभ, विधायक वीरेंद्र चौधरी ने किया उद्घाटन
महराजगंज
बनकटी (महराजगंज प्रतिनिधि) – भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनकटी में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय विधायक एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी (इंडिया गठबंधन) श्री वीरेंद्र चौधरी जी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री चौधरी ने कहा कि महिला स्वास्थ्य की उपेक्षा पूरे परिवार की सेहत को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा, “एक स्वस्थ महिला ही एक सशक्त और जागरूक समाज की नींव रख सकती है। यह अभियान केवल स्वास्थ्य सेवा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में एक मजबूत कदम है।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सा अधिकारी व स्वास्थ्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, पोषण, और जागरूकता से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
विधायक ने चिकित्सा विभाग की तैयारियों की सराहना करते हुए सभी से आह्वान किया कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)