नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो हजारीबाग।
मेरे लिए राजनीति का असली मकसद केवल और केवल जनसेवा है- मुन्ना सिंह
हजारीबाग़: पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने एक बार फिर मानवता और जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश की है। 10 दिन पूर्व हजारीबाग़ के चिश्तिया मोहल्ला निवासी मो. अख़्तर, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, अपने परिजनों के साथ श्री मुन्ना सिंह के आवास पर पहुँचे थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए इलाज कराना संभव नहीं हो पा रहा था। मरीज की व्यथा को गंभीरता से सुनने के बाद मुन्ना सिंह ने तत्काल पहल करते हुए विभागीय मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से संपर्क साधा। मंत्री ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत ₹3 लाख की चिकित्सा सहायता राशि स्वीकृत की। इस त्वरित सहयोग से मरीज के परिवार को जीवन की नई उम्मीद मिली है। इस अवसर पर सिंह ने कहा कि मेरे लिए राजनीति का असली मकसद केवल और केवल जनसेवा है। यदि मेरे प्रयास से किसी पीड़ित परिवार को राहत और नई उम्मीद मिलती है, तो यही मेरे लिए सबसे बड़ा संतोष है। उन्होंने इस संवेदनशील पहल पर डॉ. इरफान अंसारी का हृदय से आभार व्यक्त किया और हजारीबाग़ की जनता का धन्यवाद किया, जिन्होंने हमेशा उन्हें परिवार की तरह सहयोग और स्नेह दिया है। स्थानीय लोगों ने भी मुन्ना सिंह के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता और संवेदनशीलता के कारण ही मरीज का इलाज संभव हो पाया है।