सहारनपुर। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सत्य कृष्णा इंटर कॉलेज, कस्बा गागलहेड़ी में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएँ व महिलाएँ उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर थाना प्रभारी गागलहेड़ी एवं तहसीलदार सदर विशेष रूप से मौजूद रहे। एण्टी रोमियो पुलिस टीम ने छात्राओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि महिलाएँ समाज की धुरी हैं, उनकी सुरक्षा और आत्मनिर्भरता ही एक मजबूत समाज की पहचान है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से समझाया गया ताकि वे सही और गलत व्यवहार की पहचान कर सकें और आवश्यकता पड़ने पर समय रहते इसका विरोध कर सकें। साथ ही उन्हें सरकार और पुलिस विभाग द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, 1090 : वूमेन पावर लाइन, 1076 : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 : चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 : साइबर अपराध शिकायत, 108 : एंबुलेंस सेवा, 112 : पुलिस आपातकालीन सेवा ।
अधिकारियों ने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। इससे उन्हें त्वरित सहायता मिल सकेगी।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़