बदायूं। जीएसटी टैक्स की नई दरों को लेकर अधिकारी और नेता प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। मंगलवार को राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। अधिकारियों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जाकर दुकानदारों और ग्राहकों को नई जीएसटी दरों के बारे में जानकारी दी।
अधिकारियों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया। दुकानों पर यह देखा गया कि व्यापारी परिवर्तित जीएसटी दरों के अनुसार वस्तुएं बेच रहे हैं या नहीं। कई दुकानदारों को नई दरों की सही जानकारी दी गई और उन्हें समझाया गया कि वे अपने बिल और रसीदों में संशोधित दरों का उल्लेख करना अनिवार्य करें। ग्राहकों को भी जागरूक किया गया कि वे खरीदारी के समय बिल अवश्य लें और यदि नई दरों से अधिक वसूली की जाती है तो तत्काल विभाग को सूचित करें।
उपायुक्त विजय कुमार सोनी, उपायुक्त डॉ. संजीव पाठक, उपायुक्त रवि कुमार, सहायक आयुक्त दिव्य प्रकाश सिसौदिया और सहायक आयुक्त आकांक्षा पांडेय ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों का दौरा कर दुकानदारों और ग्राहकों को नई जीएसटी दरों के संबंध में अवगत कराया। अधिकारियों ने कहा कि शासन का उद्देश्य कर प्रणाली को पारदर्शी बनाना है ताकि उपभोक्ताओं को नई दरों का वास्तविक लाभ मिल सके। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जीएसटी दरों में संशोधन का सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है, इसलिए व्यापारियों की जिम्मेदारी बनती है कि वे सही दरों पर वस्तुएं उपलब्ध कराएं। अभियान के दौरान व्यापारियों ने भी विभाग से अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नई दरों का अनुपालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
————————————————————-
जीएसटी के जमीनी आंकलन के लिए बाजार में निकले विधायक
दातागंज। दातागंज से भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह अपने समर्थकों के साथ मंगलवार को बाजार में निकले और दुकानों पर जाकर जीएसटी सुधार के बाद होने वाले प्रभावों की जानकारी ली। इससे होने वाले फायदे के बारे में छोटे व्यापारियों से बात की। उन्होंने व्यापारियों से जाना कि जीएसटी में मिली छूट से उन्हें फायदा मिल रहा है कि नहीं। ज्यादातर व्यापारियों ने जीएसटी में मिली छूट पर खुशी जाहिर की और केंद्र की भाजपा सरकार को शुभकामनाएं दीं। भाजपा विधायक के साथ उनके तमाम समर्थक भी साथ रहे।
इंडियन टीवी न्यूज
बदायूं जिला रिपोर्टर
दीपेन्द्र राजपूत