✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी ने सुनीं 206 आवेदकों की समस्याएं अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
कटनी – कलेक्टर आशीष तिवारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में यहां पहुंचे 206 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिये। मंगलवार को जनसुनवाई अनुविभाग, तहसील, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित की गई।इस दौरान अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा एवं विंकी सिंहमारे उइके सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में ग्राम पंचायत देवरी हटाई के राजेश गुप्ता ने कलेक्टर आशीष तिवारी को बताया कि उनकी समग्र आईडी नहीं बन पाई है। पंचायत स्तर पर उन्हें समग्र आईडी बनाने में कुछ तकनीकी समस्या होने की जानकारी पंचायत सचिव द्वारा बताई जा रही है। जिस पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह को राजेश गुप्ता की नई समग्र आईडी बनवाने के निर्देश दिये। इस प्रकार जनसुनवाई में ही राजेश गुप्ता की समग्र आईडी बन गई।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम टिकरवारा निवासी सुशील पटेल ने अवैध शराब की ब्रिक्री बंद कराये जाने की मांग करते हुये बताया कि शाम के समय गांव में अवैध रूप से शराब का विक्रय किया जा रहा है। जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। पुलिस द्वारा इस पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। इस पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिला आबकारी अधिकारी को शिकायत पर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री अंत्येष्टि सहायता राशि दिलाये
जनसुनवाई के दौरान ग्राम कुम्हरवारा निवासी सुग्रीव चौधरी ने मुख्यमंत्री अन्त्येष्टि सहायता राशि दिलाये जाने की मांग करते हुये कहा कि मैं गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करता हूँ एवं मजदूरी के माध्यम से अपने परिवार का भरण पोषण करता हूँ। जून 2025 में मेरी पत्नी की मृत्यु हार्ट अटैक से हो गई थी। मुझे सहायता राशि दिलाई जाय। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जनपद पंचायत बड़वारा के सीईओ को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
इंदिरा नगर बालगंगाधर तिलक वार्ड कटनी निवासी विजय कुमार अहिरवार ने बताया कि मेरा मकान शासकीय भूमि पर बना है। मैंने भूमि के पट्टा हेतु आवेदन दिया था परंतु अभी तक मेरे आवेदन पर कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने नजूल अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही कर शिकायत के निराकरण के निर्देश दिए।
टीसी दिलायें
ग्राम हीरापुर कौडि़या निवासी अनिकेत बड़गैया ने बताया कि मैंने वर्ष 2024-25 में के.डी.सी. महाविद्यालय में बीफार्मा में प्रवेश लिया था एवं फीस जमा कर दी थी। परंतु आर्थिक स्थिति सही न होने के कारण प्रथम सेमेस्टर के बाद मैंने शासकीय तिलक कॉलेज में बीए में प्रवेश ले लिया। परंतु के.डी.सी. महाविद्यालय द्वारा मुझे टीसी नहीं दी जा रही है। एवं बिना पढ़े ही मुझसे दूसरे सेमेस्टर की फीस की मांग की जा रही है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने शासकीय तिलक कॉलेज के प्राचार्य को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।