✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
‘दशम आयुर्वेद दिवस’ के अवसर पर जिले में निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का किया गया आयोजन
कटनी – कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर दशम आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिले में संचालित आयुष विंग, आयुष औषधालय एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में निःशुल्क बी.पी., शुगर जांच, प्रकृति परीक्षण, मानसिक स्वास्थ्य, आयुर्वेद विधा अनुसार आहार-विहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या विमर्श सुविधाएं दी गई। जन स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को चिकित्सा सुविधा, नैदानिक जांच, (बी.पी., ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन) सहित आयुष दवाईयां उपलब्ध कराई गईं।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशीष रेजा ने बताया कि शिविर में जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा चिकित्सा परामर्श देकर, सिकिल सेल एनीमिया, संबंधित क्षेत्रों में जागरूकता, स्वच्छता अभियान, औषधीय पौधों का वृक्षारोपण, योग शिविर, सेवा पखवाडा अभियान सहित पोषण कार्यक्रम आयोजन किया गया। साथ ही ‘आयुर्वेद जन-जन के लिए पृथ्वी के कल्याण के लिए’ की थीम पर लगभग 1300 रोगियों की चिकित्सा की गई। इसके अतिरिक्त आदर्श आयुष्मान आरोग्य मंदिर रैपुरा में जन स्वास्थ्य कार्यकम (आयुर्विद्या, सुप्रजा, ऑस्टिओअर्थराइटिस एवं मस्कुलोस्केलेटल व्याधियों की रोकथाम एवं प्रबंधन, वयोमित्र, कारूण्य) का शुभारम्भ भी स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से किया गया।