दुद्धी सोनभद्र। रविवार की सुबह पिपराही मोड़ पर दो बाइकों में आमने-सामने हुई भिड़ंत में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने एक महिला को रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे डुमरडीहा निवासी सावित्री देवी (65) पत्नी शिव प्रसाद अपनी पुत्री तारावती (35) पत्नी मोतीलाल के साथ बाइक से बघाडू जा रही थीं। इसी दौरान दुद्धी से धनौरा-जपला मार्ग की ओर जा रही दूसरी बाइक ने पिपराही मोड़ के पास उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सावित्री देवी और उनकी पुत्री तारावती दोनों घायल हो गईं। तारावती के सिर में गंभीर चोट आने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटनाग्रस्त बाइक चला रहे युवक विंद कुमार ने बताया कि वह अपनी दादी व बुआ को लेकर बघाडू जा रहा था कि यह हादसा हो गया। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक प्रारंभिक मदद करते हुए घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी तक पहुंचाने में जरूर साथ रहा, लेकिन वहां से मौका पाकर फरार हो गया।
इधर परिजनों ने बताया कि टक्कर मारने वाली बाइक की तस्वीर उनके पास है और वे इसकी शिकायत पुलिस थाने में लिखित रूप से दर्ज करा रहे हैं।समाचार लिखे जाने तक परिजन अस्पताल में ही रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह