नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग में सीरत-ए-पाक प्रतियोगिता संपन्न: हजारों प्रतिभागियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
हजारीबाग। 28 सितंबर 2025 को शमा लाइब्रेरी वेलफेयर एंड एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा खिरगांव में सीरत-ए-पाक (सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम) पर आधारित एक भव्य प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर से हजारों प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
दो केंद्रों पर हुई परीक्षा, विजेताओं को मिला सम्मान
परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए थे—एन.जी. मेमोरियल स्कूल और मिल्लत स्कूल। इन केंद्रों पर सभी परीक्षार्थियों ने पूरी लगन और उत्साह के साथ परीक्षा दी। परीक्षा का परिणाम शमा लाइब्रेरी परिसर में घोषित किया गया। विजेताओं को पुरस्कार देने के लिए डी.डी.सी. हजारीबाग इश्तियाक अहमद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे
प्रथम स्थान पर एन.जी. मेमोरियल स्कूल की सिमरन फातिमा रहीं, जबकि नुसरत आफरीन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से तीन प्रतिभागी रहे—समीर हसन, शगुफ्ता नाज और मनशा फहीम।
इसके अलावा, चौथे से ग्यारहवें स्थान तक के 28 प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को शमा लाइब्रेरी की ओर से प्रमाणपत्र और मेडल दिए गए।
समाजसेवियों ने की सराहना
इस अवसर पर हजारीबाग के विभिन्न प्रखंडों से कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की और शमा लाइब्रेरी वेलफेयर एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की। इस कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सुनीता देवी, सच्चिदानंद पांडेय, संजर मलिक और कई धार्मिक तथा सामाजिक हस्तियां मौजूद थीं, जिनमें शहनवाज खान, मौलाना मुस्ताजाब रजा, मुफ्ती फहीम, मुफ्ती कामरान, डॉ. दारा शिकोह, एडवोकेट एहसान, एडवोकेट इजहार और कारी महमूद आलय शामिल थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मो. जमाल अहमद ने की, जिन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत किया। ट्रस्ट के सचिव मो. मुस्तफीम साहब ने लाइब्रेरी के विकास के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प दोहराया।
इस सफल आयोजन में इबराक हसन प्यारे, फहीम उद्दीन, नजरूल्लाह रिजवी, शहाबुद्दीन और मो इश्तियाक सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मीडिया प्रभारी काशिफ अदीब ने इस कार्यक्रम की जानकारी दी।