दुद्धी सोनभद्र । राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के अंतर्गत सोमवार को जनपद स्तरीय महिला हितैषी ग्राम पंचायत कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जिलेभर की महिला प्रधानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
दुद्धी विकासखंड से भी कई महिला प्रधानों ने इस कार्यशाला में विशेष रूप से हिस्सा लिया। इनमें ग्राम मल्देवा की ग्राम प्रधान श्रीमती सीता जायसवाल, ग्राम कटौली की प्रधान श्रीमती अनारकली देवी, ग्राम झारो कला की प्रधान श्रीमती बबीता देवी, ग्राम करमडाँड़ की प्रधान श्रीमती मंजू देवी तथा ग्राम बुटवेडवा की ग्राम प्रधान श्रीमती तारा देवी शामिल रहीं।
कार्यशाला के दौरान महिला प्रधानों को पंचायतों में नेतृत्व, सुशासन, विकास एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई पहल करने का मार्गदर्शन प्रदान किया गया। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि ग्राम स्तर पर नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को मजबूत किए बिना ग्राम पंचायतों की वास्तविक प्रगति संभव नहीं है।
यह आयोजन मिशन नारी शक्ति के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को अधिक सक्षम, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया गया। महिला प्रधानों ने माना कि इस तरह की कार्यशालाएं उन्हें अपनी पंचायतों में और प्रभावशाली ढंग से कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।
महिला प्रधानों ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रशिक्षण व संवाद की यह प्रक्रिया उनके आत्मविश्वास को बढ़ाती है और ग्रामीण विकास कार्यों में उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाती है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह