बदायूं। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नवादा के पास सागर ताल रोड स्थित सायरा अस्पताल को सील कर दिया। आरोप है कि अस्पताल फर्जी कागजात के आधार पर चलाया जा रहा था। सीएमओ से इसकी लिखित शिकायत की गई है।
शहर के नवादा के पास सागर ताल रोड पर मोहम्मद जीशान अस्पताल चला रहे हैं। उन्होंने पंजीकरण के लिए डॉ. अंकित पुरोहित के नाम से फर्जी दस्तावेज लगाकर आवेदन किया था। इस बात का पता चलने पर डॉ. अंकित पुरोहित ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से लिखित शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने संयुक्त निरीक्षण दल गठित किया। टीम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन कुमार जायसी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगत के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहम्मद असलम को शामिल किया गया। सोमवार शाम को दोनों अधिकारियों ने सायरा अस्पताल की जांच की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में न तो पंजीकरण डॉक्टर मिला और न ही पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद था। मरीजों की भी कोई व्यवस्था नहीं पाई गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कागजात की जांच की तो वे संदिग्ध और अप्रमाणिक पाए गए। इसके बाद टीम ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया।
इंडियन टीवी न्यूज जिला रिपोर्टर बदायूं दीपेन्द्र राजपूत