कैमोर। नगर में इन दिनों अवैध शराब का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। शराब माफिया पैकरियों के माध्यम से घर-घर तक शराब की सप्लाई कर रहे हैं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद इस गोरखधंधे पर पुलिस की पकड़ कमजोर नजर आ रही थी।लेकिन अब कैमोर का युवा वर्ग खुद आगे आकर इस अवैध कारोबार का विरोध करने लगा है। विगत सोमवार को अमरैयापार बस स्टैंड के पास स्थानीय युवाओं ने बिना नंबर प्लेट की एक बोलेरो को रोक लिया। गाड़ी पर ब्लैक फिल्म चढ़ी हुई थी। जब वाहन की डिक्की खोली गई तो उसमें से 5 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दी गई।सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन में सवार चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना कुठला क्षेत्र के 70 पेटी शराब परिवहन मामले का फरार आरोपी भी इसी बोलेरो में मौजूद था, जो मौका पाकर फिर से फरार होने में सफल हो गया।
कैमोर में युवाओं की इस पहल से साफ है कि अब समाज भी अवैध शराब कारोबार के खिलाफ खड़ा हो रहा है। स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि पुलिस भी अब सख्त कार्रवाई कर इस गोरखधंधे पर अंकुश लगाएगी।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ।