दुद्धी सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के करकोरी गांव निवासी 58 वर्षीय रामनारायण पुत्र धनराज की मंगलवार सुबह अचानक मौत हो गई। वह सुबह करीब साढ़े 5 बजे जंगल में पशुओं को छोड़ने घर से निकले थे। घर से लगभग सौ मीटर दूर ही खेत के मेड़ में फंसकर गिर गए और बेहोश हो गए।
परिजन तब चिंतित हुए जब पशुओं को इधर-उधर भागते देखा। छोटे पुत्र रवि सिंह ने खोजबीन करने पर अपने पिता को खेत में अचेत अवस्था में पड़ा पाया। तत्काल उन्हें एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र म्योरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
मृतक रामनारायण वर्तमान में शिक्षामित्र पद पर कार्यरत थे और हरहोरी स्थित कंपोजिट विद्यालय में पढ़ाते थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनके चार बच्चे हैं, जिनमें दो लड़का और दो लड़की शामिल है । दो का विवाह हो चुका है।
घटना से परिजनों सहित गांव में शोक की लहर है ।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह