मिशन शक्ति अभियान से मजबूत होगा महिला सुरक्षा का संकल्प
थाना नकुड़ क्षेत्र में निकाली गई जागरूकता रैली
सहारनपुर । मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत थाना नकुड़ क्षेत्र में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नकुड़ अशोक कुमार सिसोदिया, प्रभारी निरीक्षक थाना नकुड़ संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक शिवम चौधरी तथा मिशन शक्ति महिला एंटीरोमियो पुलिस टीम (उपनिरीक्षक सिमरन कमलेश व उपनिरीक्षक कोमल पवार) ने किया।
रैली में किशोरी लाल गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज नकुड़ के अध्यापकगण व छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान छात्राओं और पुलिस टीम ने क्षेत्रवासियों को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन, मिशन शक्ति अभियान, हेल्पलाइन नंबरों तथा महिला कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
क्षेत्राधिकारी नकुड़ अशोक कुमार सिसोदिया ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं कि समाज की आधी आबादी न सिर्फ सुरक्षित रहे बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भी बने। उन्होंने कहा कि इस तरह की रैलियां समाज में जागरूकता फैलाने और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़