नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
203 कोबरा बटालियन के जवानों ने किया रक्तदान, मानवता की मिसाल पेश की
हजारीबाग : 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े के तहत, 203 कोबरा बटालियन ने बरही में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह शिविर वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन के सहयोग से शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग में 30 अक्टूबर को लगाया गया। जवानों ने देश की सुरक्षा के साथ-साथ रक्तदान करके मानवता का भी परिचय दिया।
शिविर का उद्घाटन कोबरा जवान संजीव रंजन सिंह ने सबसे पहले रक्तदान करके किया। उनके बाद लोकेश कुमार, सुरेश गणपतिया, विजेंद्र सिंह, महादेव सिंह और अन्य जवानों ने भी जोश के साथ रक्तदान किया।
इस अवसर पर, वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, निर्मल जैन, जिन्हें ‘ब्लड मैन’ के नाम से भी जाना जाता है, ने सभी रक्तदाताओं के नेक कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा, “ये जवान हमारी सुरक्षा तो करते ही हैं, साथ ही रक्तदान कर समाज के लिए एक महान कार्य कर रहे हैं।” निर्मल जैन ने सभी रक्तदाताओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
शिविर को सफल बनाने में 203 कोबरा बटालियन के डॉ. भूपेंद्र सिंह, मेडिकल कॉलेज के डॉ. नीरज कुमार, टेक्नीशियन मुरली प्रजापति, और शमशाद, निहाल राज सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। जवानों का यह प्रयास समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।