हाईकोर्ट के आदेश पर सहारनपुर पुलिस की सख़्त कार्रवाई
6 पोस्टर हटाए, 238 साइनेज पर चला पुलिस का डंडा
सहारनपुर । माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के आदेश के क्रम में सहारनपुर पुलिस अब किसी भी व्यक्ति द्वारा अपनी गाड़ी पर जाति विशेष के नाम या स्लोगन लिखने पर सख़्त कार्रवाई अमल में ला रही है ।
सहारनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति अपनी दो पहिया अथवा चार पहिया वाहन पर जातिगत स्लोगन लिखता है तो ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से उस पर कार्रवाई करेगी। पहली बार केवल समझाकर हटवाया जाएगा, लेकिन यदि वही गलती दोबारा की गई तो उस पर एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
इतना ही नहीं, अगर किसी भी व्यक्ति द्वारा राजनीतिक उद्देश्य से कोई रैली निकाली जाती है, और उसमें किसी जाति विशेष के नाम पर सम्मेलन आयोजित किया जाता है, तो उस पर भी रोक रहेगी। यही नहीं, गांव या मोहल्लों में लगाए जाने वाले साइनबोर्ड पर भी किसी जाति विशेष का नाम लिखना अब पूरी तरह प्रतिबंधित है।
सहारनपुर पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर भी सख़्त नज़र रखी जा रही है। चाहे वह ट्विटर हो, फेसबुक, इंस्टाग्राम या यूट्यूब, यदि कोई भी व्यक्ति किसी जाति विशेष को बढ़ावा देता है, या फिर किसी जाति की निंदा करने वाली पोस्ट करता है, तो उसके विरुद्ध भी कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी।
सहारनपुर पुलिस ने हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में एक खास अभियान चलाया। इस दौरान जनपद के सभी थानों ने 238 जातिगत चिन्हों को हटाने की कार्रवाई की।
यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत देती है कि अब गाड़ियों पर, साइनबोर्ड्स पर या फिर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जाति आधारित प्रचार-प्रसार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सहारनपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग दें।
माननीय उच्च न्यायालय के आदेश और शासन के निर्देश के अनुसार, पुलिस पूरी तरह सतर्क है और यदि किसी ने भी नियमों का उल्लंघन किया तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
सहारनपुर पुलिस की इस कार्यवाही को लेकर जिलेभर में चर्चा बनी हुई है और इसे कानून व्यवस्था की मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़