राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। विजयराघवगढ़ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) के अवसर पर नगर में सेवा पखवाड़ा अभियान का भव्य समापन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुआ यह विशेष अभियान पखवाड़े पर नगर परिषद द्वारा स्वच्छता, जन-जागरूकता और भाजपा की लोककल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के रूप में संचालित किया गया। समापन अवसर पर नगर परिषद की ओर से सामूहिक वृक्षारोपण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुबे, थाना प्रभारी रितेश शर्मा, वन विभाग के अधिकारी, पार्षदगण, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी सम्मिलित हुए। फलदार एवं छायादार वृक्षों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुबे ने अपने उद्बोधन में कहा सेवा पखवाड़ा अभियान ने नगर में नई चेतना और जिम्मेदारी का वातावरण बनाया है। हर वार्ड में स्वच्छता, श्रमदान और योजनाओं की जानकारी ने नागरिकों को अधिक जागरूक बनाया है। नगरवासियों का सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसी से नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है।थाना प्रभारी रितेश शर्मा ने कहा पौधे केवल रोपने भर से नहीं, बल्कि उनकी देखरेख और सुरक्षा का दायित्व भी हमारा है। यह हरियाली भविष्य की पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर बनेगी। जिस तरह पुलिस जन-सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाती है, उसी तरह हमें पर्यावरण सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।वन विभाग के पदाधिकारियों ने भी नगर परिषद की इस पहल की सराहना की और नागरिकों से अपील की कि हर लगाए गए पौधे को एक परिवार या संस्था अपने संरक्षण में लेकर उसे बड़ा करें।नगरवासियों ने अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुबे एवं पूरी परिषद टीम की सराहना करते हुए कहा कि सेवा पखवाड़ा जैसे अभियानों से नगर की छवि और साफ-सुथरी होगी। व्यापारी संघों और सामाजिक संगठनों ने भी नगर परिषद व पुलिस प्रशासन के सहयोगात्मक प्रयासों को सराहनीय बताया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि स्वच्छता और वृक्षारोपण जैसे प्रयासों को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे जन-आंदोलन बनाएँगे।