नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
बाबूलाल मरांडी की बहू के साथ मारपीट, मुफ्फसिल थाने में दिया आवेदन
हजारीबाग: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की बहू और उनके ड्राइवर के साथ हजारीबाग के अमृतनगर में बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर मरांडी की बहू प्रीति किसकू ने मुफ्फसिल थाने में आवेदन देकर अमृतनगर पूजा समिति के सदस्यों पर बदतमीजी और मारपीट का आरोप लगाया है।
आवेदन के अनुसार, प्रीति किसकू अपने ससुराल कोड़ाडंक, थाना-तिसरी, गिरिडीह से वापस लौट रही थीं। शाम करीब 7:30 बजे हजारीबाग के अमृतनगर क्षेत्र से गुजरने के दौरान उनकी गाड़ी को रोका गया। आरोप है कि पूजा समिति के सदस्यों ने उनके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी की।
विरोध करने पर ड्राइवर के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। गाड़ी में तोड़-फोड़ करने की भी कोशिश की गई। जब प्रीति ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो समिति के सदस्य और भी आक्रामक हो गए और गाली-गलौज करने लगे।
इस घटना के बाद, प्रीति किसकू ने मुफ्फसिल थाने में अमृतनगर पूजा समिति के सदस्यों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।