सहारनपुर पुलिस बनी फरिश्ता, बेबस महिला को दी मदद, पहुंचाया सुरक्षित घर
थाना कुतुबशेर एंटी रोमियो टीम की संवेदनशील पहल, भूखी-प्यासी महिला को दी राहत
सहारनपुर । उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान में सहारनपुर पुलिस निरंतर सराहनीय कार्य कर रही है। इसी क्रम में थाना कुतुबशेर की एंटी रोमियो टीम ने मानवता और संवेदनशीलता की एक प्रेरक मिसाल पेश की है।
शनिवार को थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान टीम को एक महिला, श्रीमती शबनम पत्नी नवाब, निवासी खाताखेड़ी थाना मंडी, सहारनपुर, सड़क किनारे बेहोशी की हालत में दिखाई दी। टीम ने तुरंत मानवीयता दिखाते हुए महिला को पानी पिलाया और होश में आने के बाद उसकी स्थिति जानी।
महिला ने बताया कि वह मेरठ जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन रास्ते में उसके पास पैसे खत्म हो गए, कई घंटों से भूखी-प्यासी और परेशान रहने के कारण वह मानसिक रूप से टूट गई थी।
थाना कुतुबशेर की महिला एंटी रोमियो टीम की महिला उपनिरीक्षक श्वेता शर्मा ने महिला की मदद के लिए हाथ बढ़ाया, उसे आर्थिक सहायता प्रदान की, हौसला बढ़ाया और ऑटो की व्यवस्था कर सुरक्षित गंतव्य की ओर रवाना किया। पुलिसकर्मियों ने यह सुनिश्चित किया कि महिला सुरक्षित रूप से अपनी मंजिल तक पहुंच जाए।
इस संवेदनशील पहल ने यह साबित किया है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था की रखवाली नहीं करती, बल्कि समाज के प्रति अपने मानवीय कर्तव्यों को भी पूरी निष्ठा से निभा रही है। जनपद के पुलिस अधिकारियों ने थाना कुतुबशेर एंटी रोमियो टीम की इस पहल की सराहना की और कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य, महिलाओं को सुरक्षा, सहायता और सम्मान प्रदान करना, सहारनपुर पुलिस लगातार अपने कार्यों से साकार कर रही है।
टीम में महिला उपनिरीक्षक श्वेता शर्मा, महिला हेड कांस्टेबल मोंटी रानी, महिला कांस्टेबल प्रीति शामिल रही ।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़