दीपोत्सव के साथ गरबा पर्व का भव्य आयोजन किया
नानौता के ग्रीन फील्ड विद्यालय के प्रांगण में दीपोत्सव के साथ गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नानौता व आसपास के क्षेत्रों की सैकड़ों महिलाओं, छात्राओं एवं गणमान्य अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन हमारी संस्कृति, परंपरा और मातृशक्ति के सम्मान को समर्पित रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख चांदनी राणा,महिला करणी सेना (सहारनपुर) की अध्यक्ष अनिता सिंहयोगाचार्य अनिता शर्मा,गुरुनानक कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या जसविंदर कौर,दून एकेडमी की प्रधानाचार्या ऋतु चौधरी,साक्षी चौधरी
किसान सेवक की हिंदी विभागाध्यक्ष मधु चौधरी
•जनता मॉन्टेसरी की प्रधानाध्यापिका रेणु पुंडीर आदि अनेक विशिष्ट अतिथिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा गणेश वंदना एवं देवी स्तुति से हुई, जिसके पश्चात कुमारी साक्षी के निर्देशन में आत्मरक्षा हेतु ताइक्वांडो एवं दंड अभ्यास का प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही नन्हे बच्चों द्वारा भगवान श्रीराम, माता लक्ष्मी एवं माता दुर्गा की झांकी ने सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया। गरबा महोत्सव का विशेष महत्व बताया गया, यह पर्व मां दुर्गा की सृजन शक्ति और विजय का प्रतीक है। ‘गरबा’ शब्द संस्कृत के ‘गर्भ दीप’ से लिया गया है, जबकि ‘डांडिया’ नृत्य मां दुर्गा की तलवार एवं विजय का प्रतीक है। जब मां दुर्गा ने नौ रातों तक युद्ध कर महिषासुर का वध किया, तब इस उत्सव की परंपरा आरंभ हुई। कार्यक्रम में 300 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया और गरबा एवं डांडिया रास का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन कुमारी पारुल पुंडीर व श्रीमती वंदना पुंडीर ने उत्कृष्ट रूप से किया। ग्रीन फील्ड की प्रधानाचार्या श्रीमती कुमुद पुंडीर ने समस्त मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया एवं बारिश के कारण हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट किया।
कार्यक्रम में भगवान श्रीराम, भगवती सीता एवं माता लक्ष्मी की अद्भुत झांकी ने सभी के मन को मोह लिया। सेवा भारती की ओर से मेंहदी लगाने का कार्य भी महिलाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। छात्राओं द्वारा आत्मरक्षा के गुरों का प्रदर्शन सभी को प्रेरित करने वाला रहा। इस गरबा महोत्सव एवं दीपोत्सव ने मातृशक्ति के बीच उल्लास, उत्साह और समरसता का अद्भुत संचार किया। निश्चित रूप से इस आयोजन के माध्यम से समाज में कुटुंब प्रबोधन एवं सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक प्रेरक कदम उठाया गया है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़