दुद्धी सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के परसा टोला गांव में बृहस्पतिवार की रात एक किसान की बाउली में गिरने से मौत हो गई। परिजन रात भर उनकी खोज करते रहे, जबकि शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने बाउली में उनका शव उतराया हुआ देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार परसा टोला निवासी लक्ष्मण (52) पुत्र सुखदेव गुरुवार रात लगभग 8 बजे घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित चौराहे पर कुछ सामान लेने गए थे। घर से करीब 100 मीटर दूर रास्ते में स्थित सिंचाई कूप (बाउली) के पास उनका पैर फिसल गया, जिससे वे उसमें गिर पड़े। परिजनों को रात भर उनके ठिकाने का पता नहीं चला। उन्हें लगा कि वे किसी परिचित के घर रुक गए होंगे।
शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने बाउली में उतराया हुआ शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
बताया गया कि मृतक किसान थे। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें तीन की शादी हो चुकी है और एक पुत्र अविवाहित है। घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह