दुद्धी सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के बरवाटोला गांव में गुरुवार दोपहर एक मजदूर युवक ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार बरवाटोला निवासी रामधनी (35) पुत्र जितराज गुरुवार को दोपहर करीब 2 बजे भोजन करने के बाद घर से निकले थे। बताया जाता है कि घर से लगभग 200 मीटर दूर एक पेड़ पर उन्होंने रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
परिवार के लोगों ने जब काफी देर तक उन्हें घर पर नहीं पाया तो तलाश करने निकले। इस दौरान मृतक की मां जब घटनास्थल पर पहुंचीं तो बेटे को पेड़ से लटका देख रोने-बिलखने लगीं।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक के पांच बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल है। सभी बच्चे अभी अविवाहित हैं। रामधनी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह