वाराणसी कैंट इलाके में चला बुलडोजर: शॉर्ट सर्किट से लगी आग के बाद कैंटोनमेंट बोर्ड ने दुकानों को कराया ध्वस्त
Indian tv news /ब्यूरो चीफ. करन भास्कर चंदौली उत्तर प्रदेश
चंदौली वाराणसी। कैंटोनमेंट बोर्ड के निर्देश पर शनिवार को वाराणसी के सदर बाजार स्थित चिकन-फ्राई मार्केट में बुलडोजर की कार्रवाई की गई। चार दिन पहले शॉर्ट सर्किट से लगी आग के बाद सुरक्षा को देखते हुए बोर्ड ने आधा दर्जन दुकानों को ध्वस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर की सुबह कैंट थाना क्षेत्र की मीट मार्केट में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने सात दुकानों और छह बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। मार्केट में रखे छह से अधिक सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। तीन फायर टेंडरों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग की घटना के बाद छावनी परिषद ने जांच की, जिसमें सामने आया कि दुकानों में जर्जर बिजली व्यवस्था थी और किसी में भी फायर सेफ्टी इक्विपमेंट या MCB बोर्ड नहीं लगे थे। इसी वजह से परिषद ने जन सुरक्षा का हवाला देते हुए मार्केट का अनुबंध रद्द कर दिया और दुकानों को हटाने का निर्णय लिया।
शनिवार को जब छावनी बोर्ड की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कुछ ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही।बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि 24 घंटे के भीतर पूरा परिसर खाली कराया जाएगा। कैंटोनमेंट बोर्ड का कहना है कि यह कार्रवाई “जन सुरक्षा और सैन्य क्षेत्र की सुरक्षा” दोनों दृष्टियों से आवश्यक थी, क्योंकि मार्केट के पीछे 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर स्थित है।
कार्रवाई के दौरान छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी सत्यम मोहन, कार्यवाहक सेनेटरी इंस्पेक्टर अजय कुशवाहा, इंस्पेक्टर कैंट शिवाकांत मिश्रा सहित पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही।