सड़क सुधार की मांग को लेकर हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद का अनूठा विरोध: हल-बैल से जोत दी जर्जर सड़क
हजारीबाग संवाददाता। शहर की अत्यंत जर्जर सड़कों और अव्यवस्थित शहरी व्यवस्था के खिलाफ विरोध जताते हुए सोमवार को हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने एक अनोखा प्रदर्शन किया। विधायक ने लेपो रोड स्थित टूटी-फूटी सड़क पर हल-बैल और जुआठ के साथ उतरकर प्रतीकात्मक रूप से सड़क जोत दी। उनका यह कदम प्रशासन की सुस्ती और राज्य सरकार के खिलाफ जनता की पीड़ा को मुखर रूप से सामने लाया है।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि यह प्रदर्शन आंदोलन की सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने चेतावनी दी, “यदि प्रशासन नहीं जागा तो सड़क से सदन तक संघर्ष होगा। खराब सड़कों को अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
छह महीने से फरियाद, न सरकार सुन रही न प्रशासन
विधायक ने बताया कि पिछले छह महीनों से वे लगातार जिला प्रशासन और राज्य सरकार को सड़कों, नालियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं की दयनीय स्थिति से अवगत करा रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि महागठबंधन सरकार ने जनता की पीड़ा को समझने की कोशिश नहीं की, जबकि शहर में चलना दूभर हो गया है। बरसात के बाद सड़कें पूरी तरह टूट गई हैं, गड्ढों और धूल की भरमार है, नालियाँ जाम हैं और जलजमाव एक आम समस्या बन चुका है।
उन्होंने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़कों का अस्तित्व लगभग खत्म हो गया है, जबकि अधिकारी और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा, “यह सरकार विकास नहीं, बल्कि बहानों की राजनीति कर रही है।”
अधिकारियों को मौके पर सख्त निर्देश
लेपो रोड पर विरोध प्रदर्शन के दौरान, स्थानीय निवासियों ने विधायक को सड़क की खराब स्थिति, जल निकासी की समस्या और पानी की पाइपलाइन में लगातार आ रही गड़बड़ियों से अवगत कराया। मौके पर नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार, एनएचएआई के अधिकारी मनीष कुमार और जलापूर्ति विभाग के अभियंता भी उपस्थित थे। विधायक ने अधिकारियों को तत्काल सड़क मरम्मत, नाली सफाई और वॉटर सप्लाई पाइपलाइन का कार्य शुरू करने का सख्त निर्देश दिया।
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता टैक्स देती है ताकि उसे सुविधा मिले, न कि धूल और कीचड़ में चलना पड़े। हल-बैल के साथ सड़क पर उतरकर उन्होंने यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि के रूप में उन्हें जनता की परेशानी देखकर यह अनूठा विरोध प्रदर्शन करना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क मरम्मत और शहरी सुधार का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे चरणबद्ध आंदोलन करेंगे और आने वाले विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को मुखर रूप से उठाएंगे।
इस मौके पर भाजपा वरिष्ठ नेता प्रकाश झा, बलराम शर्मा, पंडल यादव, कटकमसांडी विधायक प्रतिनिधि सुमन राय, नगर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष विवेक वरियार, कुलदीप कृष्णा, तरूण कसेरा, अमोल शर्मा, शशि कुमार, सुबोध कुमार सिन्हा, अविनाश कुमार, सुचीत कुमार, दीपक कुमार, लल्लू सिहं, मंदीप यादव, विशाल राय, कुलदीप यादव, रिशु यादव, अभिषेक जायसवाल, करण यादव, कैलाश नायक, सोनू कुमार, भोला पासवान, साहिल कुमार, सानू गोस्वामी, कृष्णा साहु, दिलीप यादव, प्रीत गुप्ता, पिन्टु साहु, पवन गिरि सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।