अवैध शराब भट्ठियों पर बड़ी कार्रवाई: हज़ारीबाग़ और गयाजी की संयुक्त छापेमारी, 11000 किलो जावा महुआ नष्ट, 880 लीटर शराब जब्त
हज़ारीबाग़ संवाददाता : आसन्न बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र, अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर नकेल कसने के लिए उपायुक्त महोदय, हज़ारीबाग़ के आदेश पर एक बड़ा संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त उत्पाद, हज़ारीबाग के निर्देशन में उत्पाद विभाग, हज़ारीबाग़ और बिहार मद्य निषेध विभाग, गयाजी की टीम ने चौपारण थाना क्षेत्र के बिहार राज्य से सटे सीमावर्ती इलाकों में सघन कार्रवाई की।
यह संयुक्त अभियान चोरदाहा चेक पोस्ट में पदस्थापित उत्पाद कर्मियों और गयाजी मद्य निषेध विभाग की टीम द्वारा संचालित किया गया। छापेमारी दल ने विशेष रूप से लोहरा जंगल, लोहरा बस्ती, लोहरा झरना और लोहरा नदी किनारे स्थित क्षेत्रों को निशाना बनाया, जहाँ अवैध महुआ शराब की भट्ठियाँ संचालित हो रही थीं।
ड्रोन की मदद से चिह्नित और विनष्ट:
इस अभियान में सघन जंगल के भीतर छिपी हुई शराब भट्ठियों का पता लगाने के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया गया। ड्रोन की मदद से चिन्हित की गई जलती भट्ठियों को तत्काल विनष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, ड्रम कटर मशीन की सहायता से घटनास्थल पर शराब संचय करने के लिए उपयोग में लाए जा रहे दर्जनों ड्रमों को भी नष्ट किया गया।
भारी मात्रा में सामग्री जब्त और नष्ट:
छापेमारी के दौरान अवैध शराब के निर्माण की सामग्री और तैयार माल की भारी मात्रा जब्त की गई। टीम ने लगभग 11000 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ और शराब बनाने की अन्य सामग्री को मौके पर ही विनष्ट कर दिया। वहीं, लगभग 880 लीटर तैयार महुआ चुलाई शराब जब्त की गई।
पांच अभियुक्तों की पहचान, मामला दर्ज:
इस अवैध कारोबार में संलिप्त रूपलाल यादव, रामचंद्र यादव, ज्ञानी यादव, हरकू यादव एवं अन्य की पहचान की गई है। इन सभी अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
छापेमारी दल में ये थे शामिल:
सफलतापूर्वक संचालित इस छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सैयद बशीरुद्दीन, एंटोनी बागे, गयाजी मद्य निषेध विभाग के सहायक अवर निरीक्षक अभय कुमार व तकनीकी टीम, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह और सशस्त्र गृहरक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।