दुद्धी सोनभद्र। धनतेरस के अवसर पर शनिवार को कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने जमकर खरीददारी की। सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई, जो शाम होते-होते रौनक में बदल गई। बर्तनों की दुकानों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक शोरूम, मूर्ति विक्रेताओं और बाइक एजेंसियों तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
शाम से लेकर देर रात तक लोगों का खरीददारी का सिलसिला जारी रहा। कस्बे की गलियों में झिलमिलाते विद्युत दीपों और सजावट से त्योहार का उल्लास स्पष्ट झलक रहा था। व्यापारी भी ग्राहकों की भीड़ से उत्साहित दिखे, जबकि बच्चों और महिलाओं में नए बर्तन, झाड़ू, व वाहन खरीदने की उत्सुकता देखी गई।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस लगातार नगर में गश्त करती रही। सीओ राजेश कुमार राय के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र सिंह के निर्देशन में पुलिस बल की विशेष तैनाती बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे लोग शांतिपूर्वक खरीददारी कर सकें।
बताते चलें कि धनतेरस को खुशहाली, समृद्धि और स्वास्थ्य का प्रतीक माना जाता है। इसी शुभ दिन धातु, बर्तन व झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है और इसी परंपरा को निभाने के लिए दुद्धीवासियों ने जमकर खरीददारी की।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह