नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
छठ महापर्व की तैयारी: विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया घाटों का औचक निरीक्षण
विधायक ने नगर निगम अधिकारियों को हफाई, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था प्राथमिकता से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया
हजारीबाग।छठ महापर्व की तैयारी को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने मंगलवार को शहर के प्रमुख छठ घाटों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने हजारीबाग झील परिसर, हुरहुरू तालाब सहित कई अन्य जलाशयों के छठ घाटों का जायजा लिया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रसाद ने संबंधित पदाधिकारियों एवं नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तालाबों एवं घाटों की नियमित सफाई, समुचित मरम्मत, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और स्वच्छता कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि तालाबों को पूरी तरह स्वच्छ और छठ व्रतियों के अनुकूल बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विधायक ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कार्य की गति को अविलंब तेज़ किया जाए ताकि महापर्व के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से कचरा निष्पादन, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा बलों की तैनाती और श्रद्धालुओं की सुविधा संबंधी सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने पर बल दिया।
इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि उनका संकल्प है कि हजारीबाग के सभी घाटों पर स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में छठ व्रतियों एवं आम श्रद्धालुओं के लिए उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा, “छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है, इसकी गरिमा बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।”