दुद्धी सोनभद्र। कस्बे एवं आसपास के क्षेत्रों में रविवार की शाम दीपों का पर्व दीपावली हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्तिक अमावस्या के इस शुभ अवसर पर नगर की गलियां, मंदिर ,प्रतिष्ठान और घर विद्युत दीपों की रंग बिरंगी रोशनी से नहा उठे, जिससे पूरा क्षेत्र प्रकाशमय हो गया। लोगों ने मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
सांझ ढलते ही मुख्य मार्गों, मंदिरों और दुकानों के बाहर सैकड़ों घी और तेल के दीये जगमगाने लगे। नगर के मकानों, दुकानों और मंदिर परिसरों को लोगों एवं समितियों ने रंग-बिरंगी लाइटों और फूल-मालाओं से सजाया। बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी कर दीपोत्सव की रात को रंगों से भर दिया।इसके अलावा पूरे दिन बाजारों में मिठाइयों और सजावटी वस्तुओं की खरीदारी को लेकर रौनक बनी रही। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई, बच्चों युवाओं ने पटाखे फुलझड़ियां जलाईं और परिवारजन देर रात तक पूजा-पाठ में व्यस्त रहे।
इसी कड़ी में कन्हरेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने दीपदान किया, जिससे पूरा मंदिर क्षेत्र दीपों की जगमगाहट से आलोकित हो उठा। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी श्री श्री 108 रामकेवाल दास सहित शनि कश्यप, आदर्श प्रताप, विवेक, सूरज और रिशु मौजूद रहे। दीपदान कार्यक्रम में भक्तों ने भगवान शिव की आराधना कर दीप प्रज्वलित किए और शुभता का संदेश दिया।
दीपों से सजा दुद्धी इस पावन अवसर पर एकता, सौहार्द और आध्यात्मिक श्रद्धा का प्रतीक बन गया।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह