दुद्धी सोनभद्र। विकास खण्ड कोन के ग्राम पंचायत कुड़वा स्थित तुमियां चौराहे पर गंदगी और सफाई की अनदेखी को लेकर शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छठ पर्व जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार के नजदीक आ जाने के बावजूद पंचायत क्षेत्र में कूड़े-कचरे का ढेर लगा हुआ है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि हर ग्राम पंचायत में सफाईकर्मी नियुक्त हैं, बावजूद इसके सफाई का कार्य संपन्न नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि सफाईकर्मी ड्यूटी पर न आकर जनप्रतिनिधियों के घरों का चक्कर लगाते हैं और संबंधित अधिकारी भी मामलों को नजरअंदाज कर रहे हैं। सरकार द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत पंचायत को कूड़ा वाहन उपलब्ध कराया गया है, लेकिन उसका स्थानीय स्तर पर निजी कामों में इस्तेमाल किया जा रहा है।
स्थानीय निवासी रामेश्वर चेरो ने बताया तुमियां चौराहे पर स्थित कूड़ा घर में इतना कचरा भर गया है कि अब वह सड़क तक फैल गया है। इससे निकलने वाली दुर्गंध से रहवासियों का जीवन दूभर हो गया है और बीमारी का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व समाजसेवी गंगा प्रसाद यादव ने किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट करते हुए तत्काल सफाई कराने और दोषी सफाईकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में मुख्य रूप से गंगा प्रसाद, रामेश्वर चेरो, रामदेव चेरो, विजय गुप्ता, रीना देवी, कमला देवी आदि शामिल रहे।
ग्राम पंचायत से जुड़े सहायक खण्ड विकास अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, किंतु कॉल रिसीव न होने के कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह