उसहैत। सौ पेटी देशी शराब उसहैत थाना पुलिस और आबकारी इंस्पेक्टर मिलकर पी गए। बृहस्पतिवार को पुलिस ने 137 देशी शराब की पेटियां बरामद कीं, जबकि मुकदमे में मात्र 37 ही दिखाईं। आखिर यह सौ पेटी शराब कहां है, इसका जवाब कोई नहीं दे रहा।
क्षेत्र के गांव लिलवां निवासी पुष्पेंद्र सिंह सालों से आबकारी इंस्पेक्टर से मिलकर अपने घर पर ही ठेका चला रहे थे। उनको एक नेता संरक्षण देता आ रहा था। किसी ने इसकी शिकायत थाना पुलिस से कर दी। इसके बाद थाना पुलिस व आबकारी इंस्पेक्टर प्रकाश सिंह ने कार्रवाई के नाम पर बृहस्पतिवार को छापा मारा।
मौके से देशी शराब की 137 पेटी मिलने के बाद पुलिस व आबकारी विभाग के होश उड़ गए। उनको पता ही नहीं था कि इतनी बड़ी संख्या में शराब मिल सकती है। इसके बाद पुलिस व आबकारी विभाग ने खेल शुरू कर दिया। शराब की 137 पेटियां पुलिस थाने तक तो पिकअप वाहन से ले जाई गईं, लेकिन मुकदमा दर्ज करने में थाना पुलिस ने खेल कर दिया। मुकदमे में मात्र 37 पेटी ही शराब दिखाई गई। पुलिस ने पुष्पेंद्र सिंह पुत्र रामसिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम आठ बजे मुखबिर की सूचना पर थाना पुलिस व आबकारी इंस्पेक्टर प्रकाश सिंह ने क्षेत्र के गांव लिलवां की एक पशुशाला पहुंची थी। जहां पुष्पेंद्र सिंह चौहान के पास से 37 पेटी देशी शराब बरामद की गई।
137 पेटी का बता दिया 37
पुलिस ने जब्त कर शराब को थाने में रखवाया था। शराब की कीमत 4,62375 रुपये बताई गई। जो शराब बरामद हुई है वह उसी क्षेत्र में संचालित एक शराब की दुकान की है, जिसका अनुज्ञापी सौरभ माहेश्वरी बताया जा रहा है।
मीडिया के माध्यम से ही 137 पेटी शराब बरामद करने की बात सामने आई है, जबकि क्षेत्रीय इंस्पेक्टर ने मात्र 37 पेटी शराब बरामद करने की सूचना दी थी। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई कराई जाएगी। – विजय चौहान, आबकारी अधिकारी
इंडियन टीवी न्यूज
जिला रिपोर्टर बदायूं
दीपेन्द्र राजपूत