नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग उपायुक्त के जनता दरबार में आए कई अहम मामले; अधिकारियों को समय सीमा में निष्पादन का निर्देश
हजारीबाग, 7 नवंबर 2025 जिला जनसंपर्क कार्यालय, हजारीबाग के सौजन्य से। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आज, 7 नवंबर को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से आए आमजनों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने सभी आवेदकों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को मामलों के त्वरित और समयबद्ध निपटारे का सख्त निर्देश दिया।
आज के जनता दरबार में मुख्य रूप से पेंशन स्वीकृति, राशन कार्ड त्रुटि सुधार, आवास योजना, आपूर्ति व्यवस्था, एनटीपीसी मुआवजा, भूमि विवाद (म्यूटेशन, दोहरी जमाबंदी), छेड़खानी, पारिवारिक विवाद, रोजगार, और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदन निर्धारित समयसीमा में निष्पादित किए जाएं।
जनता दरबार में आए प्रमुख मामले और उपायुक्त के निर्देश:सड़क निर्माण की अनुशंसा: माननीय विधायक सदर श्री प्रदीप प्रसाद के प्रतिनिधि ने कटकमदाग प्रखंड के ग्राम सिरसी में दो किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की अनुशंसा DMFT मद से किए जाने का अनुरोध किया। इस पर उपायुक्त ने नगर निगम और जिला योजना पदाधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
दाखिल खारिज सत्यापन: सदर प्रखंड की सावित्री देवी ने 3.28 डिसमिल जमीन के दाखिल खारिज के सत्यापन हेतु उपायुक्त से अनुरोध किया, जिस पर उन्होंने अपर समाहर्ता (एडीएम) को जांचोंपरांत आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
दोहरी जमाबंदी सुधार: बड़ासी निवासी दीपक मेहता ने दोहरी जमाबंदी के सुधार के संबंध में आवेदन दिया। उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को को-ऑर्डिनेट कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
विस्थापितों को रोजगार: खुशी इंफ्रा माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड, चंद्रगुप्त परियोजना क्षेत्र के विस्थापित रैयतों ने रोजगार मुहैया कराने के लिए आवेदन दिया। उपायुक्त ने इस मामले में नियोजन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।
काली रोड की मरम्मत: प्रयास भारत एजुकेशन एंड रूरल डेवलपमेंट ट्रस्ट ने पदमा के नावाडीह कलां से सरैया बस स्टैंड तक 4 किलोमीटर लंबी काली रोड को ठीक करने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने जिला योजना पदाधिकारी को इस पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को पुनः निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेकर निर्धारित समयसीमा में उनका निष्पादन सुनिश्चित करें।