बड़गांव पुलिस मुठभेड़ में वांछित गौकश गिरफ्तार, जिंदा गोवंश व हथियार बरामद
सहारनपुर । सहारनपुर पुलिस का अपराधियों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी है और इसी क्रम में थाना बड़गांव पुलिस ने गोकशी में लिप्त एक वांछित गौकश को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी के निर्देश पर जनपद में हत्या, गोकशी, लूट, डकैती, नकबज़नी और छिनैती जैसे अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस टीम दिन-रात सघन गश्त और चेकिंग में जुटी हुई है। उसी दौरान बड़गांव प्रभारी निरीक्षक सुनील शर्मा अपनी पुलिस टीम के साथ चौकी मोरा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि दो गौकश एक छोटा हाथी वाहन, जिसका नंबर UP11DT7326 है, में दो जिंदा गोवंश को लादकर गोकशी के लिए जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत ही मौहम्मदपुर गाड़ा रोड स्थित नहर पटरी के पास पहुंचकर घेरा बंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद वही छोटा हाथी वाहन तेज रफ्तार में आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया, लेकिन संदिग्धों ने गाड़ी रोकते ही पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से खेतों की ओर भागने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक गौकश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। घायल आरोपी की पहचान फाजिल पुत्र अब्बास उर्फ बुल्ला निवासी ग्राम चरहो, थाना रामपुर मनिहारान, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। दूसरा गौकश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग कर रही है।
गिरफ्तार फाजिल के ऊपर गोकशी और आर्म्स एक्ट सहित लगभग आधा दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इस घटना में भी वह थाना बड़गांव पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 231/25 और 241/25, धारा 3/5/8 गोवध अधिनियम में वांछित चल रहा था। मौके से पुलिस ने 1 तमंचा 315 बोर, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस, गौकशी के उपकरण, दो जिंदा गोवंश और छोटा हाथी वाहन बरामद किया है। घायल आरोपी को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस टीम आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश जारी है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़